हीरापुर ग्राम पंचायत में अनियमितताओं का सिलसिला जारी, शिकायतों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं

दर्जनों शिकायत के बाद भी नतीजा सिफर

Media Center News

10 जुलाई बैतूल
घोड़ाडोंगरी जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी अंतर्गत ग्राम पंचायत हीरापुर में लंबे समय से अनियमितताओं और गड़बड़ियों के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने जनपद पंचायत, जिला पंचायत, कलेक्टर, जनसुनवाई, तहसीलदार और एसडीएम को दर्जनों शिकायतें दी हैं, लेकिन अब तक न तो कोई जांच पूरी हुई है और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब दो महीने पहले जिला पंचायत स्तर से तीन सदस्यीय जांच दल ने गांव का दौरा किया था। दल ने कई विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकांश कार्यों को अधूरा पाया। जांच दल ने ग्राम पंचायत सचिव से पूरा रिकॉर्ड तलब किया था, जिसके बाद से मामला ठंडे बस्ते में चला गया है। ग्रामीणों को यह भी स्पष्ट जानकारी नहीं है कि सचिव ने जिला पंचायत को मांगे गए रिकॉर्ड जमा किए या नहीं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ग्राम पंचायत के सरपंच पूरी तरह निष्क्रिय रह रहे हैं, जिसका पूरा फायदा उपसरपंच उठा रहा है। विकास कार्यों में अनियमितताएं, अधूरे काम और रिकॉर्ड की अनदेखी के चलते गांव के विकास पर ब्रेक लग गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जिला पंचायत द्वारा तलब किए गए रिकॉर्ड की जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि ग्राम पंचायत हीरापुर में सुशासन बहाल हो सके।
ग्रामीणों की मांग
अधूरे पड़े विकास कार्यों को पूर्ण कराने की जिम्मेदारी तय की जाए।
जमा किए गए शिकायती रिकॉर्ड की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
दोषियों पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई हो।
अभी तक संबंधित अधिकारियों की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।


Media Center News

Get real time updates directly on you device, subscribe now.