शाहपुर 11 अक्टूबर उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय शाहपुर में तीन दिवसीय युवा उत्सव का आयोजन प्रारंभ शनिवार को हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिवस का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर प्राचार्य श्रीमती नीतू जायसवाल माहोरे एवं आमंत्रित अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। प्राचार्य श्रीमती माहोरे ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई अद्वितीय प्रतिभा अवश्य निहित होती है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थी अपने व्यक्तित्व एवं भविष्य निर्माण की दिशा में सशक्त कदम बढ़ा सकते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्य अतिथि श्रीमती दीपिका बोरबन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें तथा युवा उत्सव जैसे अवसरों का अधिकतम लाभ उठाएँ। विशिष्ट अतिथि श्रीमती आरती ठाकुर ने मधुर गीत “मैं कहती हूं सबको समझा के, पढ़ लिख लो सब बनाओ उज्जवल भविष्य” प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि और समाजसेविका श्रीमती शीतल परसाई ने छात्राओं को एकजुटता एवं संगठन की शक्ति के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया। युवा उत्सव प्रभारी डॉ. शीतल चौधरी ने बताया कि युवा उत्सव के प्रथम दिवस के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में एकल गायन, समूह गायन, एकल नृत्य एवं समूह नृत्य जैसी विभिन्न विधाओं का आयोजन किया गया। उन्होंने तीनों दिवसों में प्रस्तावित गतिविधियों के नियम एवं शर्तों से विद्यार्थियों को अवगत कराया और बताया कि चयनित प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतिस्पर्धाओं में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रो चंद्र किशोर बाघमारे ने किया एवं आभार प्रदर्शन प्रो राजेंद्र ठाकुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर समूह गायन विधा प्रभारी डॉ ज्योति वर्मा एवं एकल गायन विधा प्रभारी डॉ॰ पूनम देशमुख सहित समस्त महाविद्यालयीन स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।